भुईयां

cgfilm.in छत्तीसगढ़ी फिल्म “भुईयां” को लेकर सेंसर बोर्ड के फैसले के बाद इसकी रिलीज टाल दी गई है। फिल्म पर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने कुछ संवादों और दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए कट लगाने के निर्देश दिए हैं, जिसके चलते निर्धारित रिलीज डेट 24 अप्रैल 2026 को फिल्म सिनेमाघरों में नहीं आ सकी।

यह फिल्म राजनीति और भू-माफिया जैसे विषयों पर आधारित एक काल्पनिक कहानी बताई जा रही है। फिल्म का निर्माण 24 कैरेट एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन हाउस द्वारा किया गया है, जिसके निर्माता-निर्देशक शेखर सोनी हैं। वे पूर्व पत्रकार रह चुके हैं और लेखक के रूप में भी पंजीकृत हैं।

फिल्म में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए जंगली जानवरों, एयरक्राफ्ट और स्टंट सीन बनाए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्रीय सिनेमा की ऐसी पहली फिल्म है जिसमें इस स्तर की तकनीक का उपयोग हुआ है। सेंसर बोर्ड की कटलिस्ट मिलने के बाद निर्माताओं को फिल्म की रिलीज टालनी पड़ी है। अब फिल्म को सर्टिफिकेट मिलने के बाद नई रिलीज डेट घोषित की जाएगी।

फिल्म में शेखर सोनी ने अभिनय के साथ-साथ गीत लेखन भी किया है और वे एक फॉरेस्ट ऑफिसर की मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। अन्य प्रमुख कलाकारों में अमर तिवारी, दीक्षा साहू, पूरन किरी, वर्षा सारथी सहित कई कलाकार शामिल हैं। निर्माताओं का कहना है कि फिल्म को दर्शकों के सामने जल्द लाने की तैयारी जारी है।