cgfilm.in रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता एवं कॉमेडी किंग अमलेश नागेश और चॉकलेटी बॉय मन कुरैशी की जोड़ी तीन साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है। नीलजय फिल्म्स के बैनर तले बनी आगामी फिल्म ‘तोर मयारू मोर मयारू’ का ट्रेलर 22 अगस्त को सतीश जैन, अनुज शर्मा, मनोज वर्मा, योगेश अग्रवाल, राज वर्मा, मोहित साहू और पवन सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित गरिमामय समारोह में लॉन्च किया गया।
रोमांस और कॉमेडी से भरपूर यह फिल्म छत्तीसगढ़ की सोंधी मिट्टी, यहां के लोगों के निश्छल प्रेम और उनकी हाजिरजवाबी को खूबसूरती से दर्शाती है। फिल्म में लोकगीतों की मिठास और पुरानी परंपराओं के साथ सोशल मीडिया का जुनून और नई पीढ़ी के ‘यो’ स्टाइल का दिलचस्प मेल देखने को मिलेगा। देसी जुगाड़ और किरदारों के बीच की मीठी नोकझोंक फिल्म को खास बनाती है।
अमलेश और मन कुरैशी का नया अंदाज अमलेश नागेश फिल्म में आधुनिक यूट्यूबर ‘माही’ के किरदार में नजर आएंगे, जो आज के डिजिटल दौर के युवाओं का प्रतिनिधित्व करता है। वहीं मन कुरैशी भावुक और दिल जीत लेने वाले बैंडमास्टर ‘महिंदर’ की भूमिका में दिखाई देंगे। इशिका यादव चुलबुली गांव की लड़की, जबकि काजल सोनबर शहर की स्मार्ट लड़की ‘गायत्री’ के किरदार में नजर आएंगी। इन चार मुख्य किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती कहानी में हंसी, रोमांस और भावनाओं का खूबसूरत मेल है।
फिल्म को प्रसिद्ध फिल्ममेकर मनीष मानिकपुरी प्रस्तुत कर रहे हैं।
दिग्गज कलाकार और सुरीला संगीत
फिल्म में कुल सात मनमोहक गीत हैं, जिन्हें अनुराग शर्मा, अल्का चंद्राकर और अनुपमा मिश्रा जैसे सुरीले गायकों ने अपनी आवाज दी है। संगीत नवलदास मानिकपुरी, अनुराग शर्मा और परवेज़ खान ने दिया है। फिल्म में संजय महानंद, सतीश जैन, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, रजनीश झांझी, प्रदीप शर्मा, हेमलाल कौशल, अंजलि चौहान और क्रांति दीक्षित जैसे दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
निर्माण और निर्देशन की मजबूत टीम
फिल्म के निर्माता प्रणय गर्ग और को-प्रोड्यूसर निशेष त्रिपाठी हैं। निर्देशन की कमान राहुल प्रताप सिंह ने संभाली है, जबकि सिनेमैटोग्राफी विद्या नाथ भारती की है। पारिवारिक मनोरंजन के तौर पर बनाई गई ‘तोर मयारू मोर मयारू’ में कॉमेडी, रोमांस और भावनाओं का ऐसा संगम है, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखने का दम रखता है।

