CGfilm.in छत्तीसगढ़ी फ़िल्म ‘मया दे दे मयारू- 2’ का एक बेहतरीन गाना “का तैं जादू डारे…” आज सुबह अमारा म्यूज़िक के यू ट्यूब चैनल पर रिलीज़ हुआ।
“का तैं जादू डारे… ते ही ह बता न… मोर मन ल बनाए… बनाए रे दीवाना…” यह ख़ूबसूरत गीत मन कुरैशी व इशिका यादव पर फ़िल्माया गया है। आवाजें दी है अनुराग शर्मां व कंचन जोशी ने। “मया दे दे मयारू- 2” के गीत प्रेम चंद्राकर व भूपेन्द्र साहू ने मिलकर लिखे हैं और दोनों फ़िल्म के निर्देशक भी हैं। एडिटिंग चंद्रशेखर मिश्र ने की है।
मया दे दे मयारू-2’ 10 अप्रैल को रिलीज़ होने जा रही है। छत्तीसगढ़ी फ़िल्म ‘मया दे दे मयारू-2’ में विनय अंबष्ट जमकर खलनायकी करते नज़र आएंगे। विनय अंबष्ट छत्तीसगढ़ी के अलावा हिन्दी, भोजपुरी व नागपुरी फ़िल्में भी कर चुके हैं। पिछले 20 वर्षों से रंगमंच की दुनिया से जुड़े रहे हैं। वे मंचीय और नुक्कड़ नाटकों में अभिनय करने के साथ रेडियो नाटकों के लिए अपनी आवाज़ देते रहे हैं।‘मया दे दे मयारू-2’ दस अप्रैल को पूरे छत्तीसगढ़ में सिंगल स्क्रीन एवं मल्टीप्लेक्स में प्रदर्शित होने जा रही है।
उल्लेखनीय है कि प्रोड्यूसर अलक राय की फ़िल्म ‘मया दे दे मयारू-1’ प्रेम चंद्राकर ने ही निर्देशित की थी। अनुज शर्मा, संजय बत्रा, रेशम ठक्कर एवं पुष्पेंद्र सिंह जैसे कलाकारों से सजी फ़िल्म ‘मया दे दे मयारू-1’ ने बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त कलेक्शन किया था। इसके अलावा अलक राय ‘कंगला होगिस मालामाल’ एवं ‘बैरी के मया’ जैसी फ़िल्में भी प्रोड्यूस कर चुके हैं। वहीं प्रेम चंद्राकर ‘मया दे दे मया ले ले’, ‘परदेसी के मया’, ‘तोर मया के मारे’, ‘अब्बड़ मया करथंव’ एवं ‘लोरिक चंदा’ जैसी फ़िल्में निर्देशित कर चुके हैं। भूपेन्द्र साहू ‘बईरी सजन’ एवं ‘दईहान’ जैसी फ़िल्मों के निर्देशक रहे हैं और हाल ही में उन्होंने एक और फ़िल्म ‘फूलकुंवर’ बनाने की घोषणा की है जो कि उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है।
